{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ज्यादा चालान वाले वाहन होंगे सीज, स्कूल बसों और पेट्रोल पंपों पर भी... DM ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
 

 

वाराणसी: सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि जिन वाहनों को निलंबित किया गया है या नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी भौतिक स्थिति का सत्यापन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे वाहन मालिकों के पास खड़े हैं या अब भी सड़कों पर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने अधिक चालान वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें सीज करने और संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए। सीज किए गए वाहनों का सत्यापन एडीएम सिटी से भी कराने को कहा गया।

जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या अवैध रूप से संचालित स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और जिला परमिट की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी कराने को कहा।

सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक दुर्घटना के कारणों की जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रोड इंजीनियर की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। इस माह हुई सभी सड़क दुर्घटनाओं की जांच एडीएम सिटी के माध्यम से कराई जाएगी। साथ ही ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, साइनेज और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने वाले पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अभियंताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बिना सर्विस लेन संचालित पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी करने के निर्देश एडीएम सिटी को दिए गए। अस्पतालों, बैंकों और होटलों के बाहर यातायात व्यवस्था और सर्विस लेन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं, कैंट स्टेशन क्षेत्र में बसों के सुव्यवस्थित संचालन तथा फ्लाईओवर के नीचे बसें खड़ी नहीं होने देने के निर्देश एआरएम को दिए गए।