{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में युवती को स्कॉर्पियो में जबरन बैठाने का वीडियो वायरल, जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक युवती को कुछ लोगों द्वारा स्कॉर्पियो में जबरन बैठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में कई लोग एक युवती को पकड़कर स्कॉर्पियो में बैठाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे युवती के अपहरण से जोड़कर प्रसारित किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद रोहनिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर उसमें सवार लोगों की जानकारी जुटाई। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मामला अपहरण का नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। रोहनिया इंस्पेक्टर के मुताबिक, युवती घरवालों से नाराज होकर बिना बताए प्रयागराज घूमने चली गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने युवती को वाराणसी में हेरिटेज अस्पताल के पास देखा और इसकी सूचना उसके परिवार को दी।

जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग कार से मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, युवती के पिता भी वहां पहुंचे थे। पिता को देखते ही युवती के साथ मौजूद युवक चार पहिया वाहन से मौके से चला गया। इसके बाद पिता अपनी बेटी को घर ले जाने लगे। युवती घर जाने के लिए तैयार नहीं थी, जिसके चलते परिजनों ने उसे पकड़कर वाहन में बैठाया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

परिजनों के मुताबिक, 17 वर्षीय वैष्णवी शर्मा निवासी बबुरी, चंदौली घर पर पढ़ने जाने की बात कहकर एक युवक के साथ घूमने निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसके वाराणसी में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार उसे लेने पहुंचा।

पुलिस की जांच में सोशल मीडिया पर किए जा रहे युवती के अपहरण के दावे की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने जांच की है। परिजनों द्वारा बताए गए युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।