काशी विद्यापीठ में नशे के खिलाफ गूंजी आवाज, विशाल यादव ने जीता वाद-विवाद प्रतियोगिता में पहला स्थान
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि एवं संजना सिंह (एसबीआई) शामिल रहीं। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर के विशाल यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीसीए के जयव्रत सिंह ने द्वितीय तथा एमए हिंदी तृतीय सेमेस्टर की स्वेच्छा मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. रामाश्रय, प्रो. अनुकूल चंद राय, डॉ. अविनाश कुमार सिंह सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के साथ-साथ नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।