पति ने मोबाइल चेक किया तो भड़क उठी पत्नी, दुपट्टे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
राजधानी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित बेवफाई के शक को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने दुपट्टे से अपने पति का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल फोन की जांच को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी स्थित रशीद मार्केट इलाके की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसकी पत्नी अलीशा (20) है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्तकीम को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात उसने अलीशा का मोबाइल फोन लेकर कॉल रिकॉर्ड और अन्य जानकारी देखनी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की थी। इससे नाराज होकर उसने मुस्तकीम को काबू में किया, उसकी छाती पर बैठ गई और दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
कुछ देर बाद जब मृतक की मां कमरे में पहुंचीं तो अलीशा मौके से फरार हो गई। परिजनों ने मुस्तकीम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुद्वारे से हुई गिरफ्तारी
घटना की सूचना जगतपुरी थाना पुलिस को तड़के करीब 3:52 बजे मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और स्थानीय स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। बाद में आरोपी महिला को एक स्थानीय गुरुद्वारे से गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह कथित रूप से छिपने की कोशिश कर रही थी।
दुपट्टा बरामद, जांच जारी
मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या में इस्तेमाल किए गए दुपट्टे को भी कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और आपसी अविश्वास को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।