काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर नए मंडलायुक्त ने संभाली काशी की कमान, बताई अपनी प्राथमिकताएं
वाराणसी: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी को नया मंडलायुक्त मिल गया है। 2008 बैच के आईएएस अधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
कानपुर मंडलायुक्त के पद से स्थानांतरित होकर वाराणसी पहुंचे के. विजयेंद्र पांडियन ने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कौन हैं नए मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन?
के. विजयेंद्र पांडियन उत्तर प्रदेश कैडर के 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 जुलाई 1981 को हुआ था। उन्होंने बीबीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। प्रशासनिक सेवा में अपने कार्यकाल के दौरान वह कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
इससे पहले वह गोरखपुर के जिलाधिकारी और कानपुर के मंडलायुक्त जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट, जिला मजिस्ट्रेट, उपाध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी समेत विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं।
28 अगस्त 2024 से वह उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड में प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। अब शासन ने उन्हें वाराणसी मंडल की कमान सौंपी है।
विकास परियोजनाओं और जनसमस्याओं पर रहेगी नजर
काशी में लगातार चल रही विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर नए मंडलायुक्त के सामने कई अहम चुनौतियां होंगी। ऐसे में उनके सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने के साथ आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की होगी।
अब देखना होगा कि नए मंडलायुक्त की अगुवाई में वाराणसी मंडल में विकास और प्रशासनिक कार्यों को कितनी गति मिलती है।