{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिन पिया निंदिया न आवे हो रामा...नीलाम्बर में सजी सुरों की शाम, चैती गीतों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

 

वाराणसी। कला प्रकाश और बनारस बीड्स लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में रविवार की शाम नीलाम्बर परिसर में ‘गुलाबबाड़ी 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। गुलाब की पंखुड़ियों से सजे प्रांगण और सफेद-गुलाबी परिधानों में सजे श्रोताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

युवा कलाकारों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत युवा कलाकार शिल्पायन की डालिया मुखर्जी और जयन्तिका डे ने अपनी मधुर प्रस्तुति ‘सारि सारि रतिया जगावे हो रामा…’ से की। इसके बाद उन्होंने चैती ‘बिन पिया निंदिया न आवे हो रामा…’ प्रस्तुत कर माहौल को सुरमय बना दिया।

इसके साथ ही बनारसी होरी ‘खेलत प्यारी संग होरी रे…’ की प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हारमोनियम पर हर्षित कुमार उपाध्याय और तबले पर किशोर कुमार मिश्र ने संगत कर प्रस्तुति में चार चांद लगा दिए।

बाल कलाकार और वरिष्ठ गायिका की प्रस्तुति ने जीता दिल

कार्यक्रम में बाल कलाकार अर्णव गुप्ता ने अपने गुरु प्रीतम मिश्रा के मार्गदर्शन में एकल तबला वादन प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

इसके बाद पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने अपनी गायकी से माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया। उन्होंने होरी और चैती की प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया।

संगीत प्रेमियों के लिए यादगार रही शाम

इस मौके पर कार्यक्रम का स्वागत अशोक कपूर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बनारस बीड्स लिमिटेड के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शबनम ने किया।