{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के क्राइस्ट नगर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ब्रांच में चली गोली, महिला घायल
 

 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में शुक्रवार को अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में बैंक की महिला कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी घायल हो गईं। गोली उनके पैर के निचले हिस्से में लगी है। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर निवासी संजीव शुक्ला का इसी बैंक शाखा में खाता है। शुक्रवार को वह किसी काम से बैंक पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर बैंक के सुरक्षा गार्ड के पास जमा कर दी। गार्ड ने रिवॉल्वर को एक मेज की दराज में रख दिया था।

इसी बीच बैंक कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी ने किसी काम से मेज की दराज खोली। बताया जा रहा है कि दराज खोलते समय रिवॉल्वर अचानक नीचे गिर गई और उससे गोली चल गई। गोली अनुराधा के पैर के निचले हिस्से में जा लगी, जिससे वह घायल हो गईं।

घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला कर्मचारी को तत्काल दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। रिवॉल्वर गिरने से गोली कैसे चली, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ख़बर अपडेट की जा रही है...