वाराणसी: कचहरी में चाकू लेकर घुसी महिला, वकीलों पर हमले से मचा हड़कंप
वाराणसी: कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गुरुवार को उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक महिला चाकू लेकर अदालत कक्ष में घुस गई और महिला वकीलों पर हमला करने का प्रयास किया। घटना से कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला को काबू कर लिया।
घटना अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (षष्ठम) की अदालत की है। दोपहर में न्यायिक कार्यवाही चल रही थी, तभी एक महिला झोला लेकर कोर्ट रूम में पहुंची और शोर-शराबा करने लगी। उसने आरोप लगाया कि उसका मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा और उसे परेशान किया जा रहा है।
वहां मौजूद महिला अधिवक्ताओं ने उसे शांत कराने और विधिक प्रक्रिया से अपनी बात रखने की सलाह दी। इसी दौरान महिला अचानक उग्र हो गई और झोले से चाकू निकालकर महिला वकीलों पर हमला करने की कोशिश की। इससे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को पकड़कर कैंट थाने ले गए।
पहचान और जांच में क्या सामने आया
कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के अनुसार, महिला की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर चंगवार निवासी रेखा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुई। पुलिस के अनुसार उसका किसी न्यायालय में कोई मुकदमा लंबित नहीं है।
जांच के बाद महिला को देखभाल के लिए आश्रय गृह भेज दिया गया है। इस घटना ने कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है, खासकर तब जब पूर्व में भी यहां सुरक्षा से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं।