शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश, सुबह 6 बजे से बिक्री और अभद्रता के आरोप; लाइसेंस निरस्त करने की मांग
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के भितनपुर गांव में संचालित देशी शराब के ठेके को लेकर स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ठेके पर नशाखोरों और कथित अराजक तत्वों के जमावड़े से परेशान दर्जनों महिलाओं ने पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ठेका तत्काल बंद कराने और उसका लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।
पीड़िता सोली देवी समेत अन्य महिलाओं का आरोप है कि ठेके पर निर्धारित समय से पहले ही सुबह करीब 6 बजे से शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। दिनभर दुकान के आसपास नशे में धुत लोगों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। महिलाओं का कहना है कि ठेके के पास से स्कूल जाने वाली छात्राओं और खेतों में काम करने वाली महिलाओं का आना-जाना होता है, लेकिन शराबियों की मौजूदगी के कारण उन्हें रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है।
महिलाओं से अभद्रता का आरोप
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, शराब के नशे में कुछ लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं और राह चलती महिलाओं व छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां, गाली-गलौज और अशोभनीय इशारे करते हैं। इससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं ने ठेके के सेल्समैन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई परिवारों के पुरुषों को उधार शराब दी जाती है और काम से मिलने वाली मजदूरी या समूह के ऋण की किश्त के लिए रखे पैसे शराब में खर्च हो जाते हैं। इससे परिवारों में आर्थिक परेशानी के साथ आए दिन विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने ठेके पर होने वाली गतिविधियों का विरोध किया और सेल्समैन तथा वहां मौजूद लोगों से शिकायत की, तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और कार्रवाई न होने देने की धमकी दी गई।
महिलाओं ने प्रशासन से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भितनपुर स्थित देशी शराब ठेके की जांच कर उसे बंद कराने तथा लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगी।