{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में बनेगा 130 फीट ऊंचा विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग, विकसित होगा वर्ल्ड क्लास सिटी पार्क
 

 

वाराणसी। काशीवासियों के लिए जल्द ही एक नई सौगात मिलने जा रही है। वाराणसी नगर निगम कमच्छा स्थित ब्रिटिश कालीन जलकल परिसर में 20 एकड़ क्षेत्रफल में एक भव्य वर्ल्ड क्लास सिटी पार्क विकसित करने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को मंजूरी मिल चुकी है और नगर निगम ने इसके निर्माण की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत इसके केंद्र में स्थापित किया जाने वाला 130 फीट ऊंचा विशाल शिवलिंग होगा, जिसे दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग बताया जा रहा है।

जानकारों के अनुसार वर्तमान में दुनिया का सबसे बड़ा अखंड शिवलिंग बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में स्थापित है, जिसकी ऊंचाई 33 फीट और वजन लगभग 210 मीट्रिक टन है। ऐसे में वाराणसी में प्रस्तावित 130 फीट ऊंचा शिवलिंग एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर सकता है।

नगर निगम की योजना के अनुसार भेलूपुर स्थित जलकल परिसर की 20 एकड़ भूमि पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अत्याधुनिक अर्बन पार्क का निर्माण किया जाएगा। काशी भगवान शिव की नगरी है, इसलिए इस भव्य शिवलिंग को शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को और मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित किया जाएगा।

पार्क में मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

नगर आयुक्त के अनुसार पार्क में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां एक बड़ा सिंथेटिक पाथवे, आधुनिक फूड प्लाजा, बच्चों के लिए मनोरंजक खेल उपकरण तथा बुजुर्गों के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा काशी के महान विभूतियों के जीवन और उनके योगदान को वॉल म्यूरल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

काशी का सबसे बड़ा म्यूजियम भी बनेगा

इस परियोजना के तहत काशी का एक विशाल संग्रहालय (म्यूजियम) भी बनाया जाएगा, जिसमें बनारस की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को संजोया जाएगा। यहां बनारस घराने के संगीत, बनारसी खानपान के इतिहास, मां गंगा, श्री काशी विश्वनाथ धाम, काल भैरव मंदिर, संकटमोचन मंदिर समेत शहर की महत्वपूर्ण धरोहरों से जुड़ी जानकारियां और वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी।

तारामंडल भी होगा आकर्षण का केंद्र

पार्क में एक आधुनिक तारामंडल (प्लैनेटेरियम) भी बनाया जाएगा, जो इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण होगा। नगर आयुक्त ने कहा कि इस पार्क का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि लोगों को तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना भी है। यहां परिवार के साथ समय बिताने, काशी की संस्कृति को समझने और नई पीढ़ी को शहर की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की व्यवस्था होगी।

नगर निगम का लक्ष्य काशीवासियों को एक ऐसा आधुनिक सिटी पार्क उपलब्ध कराना है, जो पर्यटन, मनोरंजन, संस्कृति और शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बन सके।