वाराणसी में युवा भाजपा नेता ने फांसी लगाकर दी जान, मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरी बाग निवासी युवा भाजपा नेता सुनील शर्मा उर्फ ‘मुंशी’ ने शनिवार को अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि सुनील शर्मा विश्वनाथ गली में खिलौनों की दुकान और साड़ी की गद्दी का व्यवसाय करते थे। इसके साथ ही वह भाजपा से सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए थे और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहते थे।
परिजनों ने शनिवार को उन्हें फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सुनील शर्मा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और मृतक के करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग सुनील शर्मा के आवास पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।