{"vars":{"id": "130921:5012"}}

12 लोगों को फंसाया, 4 शादियां, 8 करोड़ का फ्रॅाड...पुलिस के हत्थे चढ़ी कानपुर की 'लुटेरी दुल्हन'

 

कानपुर पुलिस ने शादी और प्यार के नाम पर कई लोगों को ठगने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया है। यह कहानी है कानपुर की रहने वाली दिव्यांशी चौधरी की, जिसने अब तक 12 से अधिक लोगों को अपने जाल में फंसाया, 4 शादियाँ की और करोड़ों रुपये ऐंठे। उसके बैंक खातों में करीब 8 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

कैसे करती थी ठगी?

पुलिस के अनुसार, दिव्यांशी पहले लोगों को प्यार के जाल में फंसाती, फिर शारीरिक संबंध बनाकर उन पर दुष्कर्म का केस दर्ज करा देती थी। बाद में समझौते के नाम पर मोटी रकम वसूलती थी। उसने दो बैंक मैनेजरों से शादी की और दोनों पर रेप का मुकदमा दर्ज कराया। कोर्ट में बयान बदलकर वह बच निकली। इसके बाद मेरठ में तैनात एक दरोगा से विवाह किया और उस पर भी फर्जी आरोप लगा दिए।

दरोगा आदित्य की शिकायत से खुला पूरा खेल

दिव्यांशी पर शिकंजा तब कसा, जब ग्वालटोली थाने में तैनात दरोगा आदित्य कुमार लोचव ने उससे परेशान होकर शिकायत दर्ज कराई। आदित्य के अनुसार, दिव्यांशी की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने दो बार आत्महत्या का प्रयास भी किया।

पुलिस ने जब दिव्यांशी के बैंक खातों की जांच की, तो कई पुलिस अधिकारियों, इंस्पेक्टरों और दरोगाओं के खातों में करोड़ों के ट्रांजैक्शन मिले। जांच में यह भी सामने आया कि दिव्यांशी के गैंग में कई पुलिसकर्मी शामिल थे, जो उस पर कार्रवाई न हो, इसके लिए दबाव बना रहे थे।

17 फरवरी 2024: दरोगा और दिव्यांशी की शादी

30 वर्षीय दिव्यांशी का रिश्ता आदित्य के परिवार को एक रिश्तेदार ने बताया था। मेरठ के मवाना निवासी दिव्यांशी के परिवार ने दहेज में स्कॉर्पियो और लाखों के जेवर देने का दावा किया। खूबसूरत दुल्हन देखकर आदित्य और उनके परिवार ने रिश्ता स्वीकार कर लिया। 17 फरवरी 2024 को धूमधाम से शादी हुई।

दिव्यांशी पर शक कैसे हुआ?

आदित्य बताते हैं कि शादी के बाद उनकी पत्नी अक्सर पढ़ाई का बहाना करके घर नहीं रुकती थी। जब भी घर आती, वह फोन से सभी यूपीआई ऐप्स गूगल पे, फोनपे—डिलीट कर देती थी। ड्यूटी पर होने के दौरान वह आदित्य से ऑनलाइन पैसे मांगती रहती।

एक दिन छुट्टी पर घर आए आदित्य ने उसका फोन चेक किया। दिव्यांशी बेचैन हो उठी। जब आदित्य ने जबरन यूपीआई ऐप्स डाउनलोड किए, तो 10 से ज्यादा खातों में करोड़ों के ट्रांजैक्शन देखकर उनके होश उड़ गए। इस विवाद के बाद दिव्यांशी मायके चली गई।

कानपुर कमिश्नरी में हाई-वोल्टेज ड्रामा

25 नवंबर को दिव्यांशी ने पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंचकर पति आदित्य पर उत्पीड़न और 14.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा दिया। उसने यह भी कहा कि दरोगा पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं और वह उन्हें ब्लैकमेल करता है।

पुलिस कमिश्नर ने दोनों पक्षों की बात सुनकर जांच बैठा दी। जांच अधिकारी अमिता सिंह के सामने आदित्य ने सैकड़ों सबूत जमा किए, जिनसे साबित हुआ कि दिव्यांशी लोगों को फंसाकर पैसे ऐंठती है। वह समझौते के बदले 1 करोड़ रुपये मांग रही थी।

पुलिसकर्मियों की भूमिका ने बढ़ाई चिंता

आदित्य के अनुसार, दिव्यांशी के लिए मेरठ और आसपास के कई पुलिस अधिकारी काम करते हैं। उसके लगभग 10 बैंक खाते हैं और वह इन्हीं के जरिए पैसे का हेर-फेर करती है। कुछ पुलिसकर्मी दिव्यांशी को बचाने और आदित्य पर समझौते का दबाव डालने के लिए कानपुर तक आ चुके थे।

दिव्यांशी ने 3 सरकारी कर्मचारियों पर रेप के मुकदमे दर्ज कराए थे, लेकिन बाद में सभी मामलों में समझौता हो गया। कई मामलों में उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर में अब फाइनल रिपोर्ट लग चुकी है।