{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU कैंपस में छात्रा से छेड़खानी के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली

 

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में काशी विद्यापीठ की छात्रा से छेड़खानी के आरोपी ऑटो चालक की मंगलवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। आरोपी मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने रात करीब 2 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को BHU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

आरोपी की पहचान मैनुद्दीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। फिलहाल मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर में रह रहा था।

BHU की लॉ फैकल्टी के पास छात्रा से की थी छेड़खानी

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। काशी विद्यापीठ की छात्रा BHU की लॉ फैकल्टी के पास से गुजर रही थी। उस समय परिसर में सन्नाटा था। आरोप है कि इसी दौरान एक ऑटो चालक वहां से गुजरा और छात्रा के पास पहुंचकर ऑटो की रफ्तार धीमी कर दी। इसके बाद उसने छात्रा के साथ छेड़खानी की और मौके से भागने लगा।

छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और विरोध किया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को BHU परिसर में ही पकड़ लिया और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

ACP भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, छात्रा की तहरीर पर ऑटो चालक मैनुद्दीन को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने छेड़खानी की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा

ACP के अनुसार, जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को फैंटम दस्ते के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और वाहन से उतरकर भागने लगा।

पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल घायल आरोपी का BHU ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।