{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुस्कान के बाद अब काजल! मेरठ में प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, रची खौफनाक साजिश

 

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। कुछ ही दिनों पहले शहर में मुस्कान रस्तोगी केस ने लोगों को झकझोर दिया था, और अब उसी की तरह एक और चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। इस बार काजल नाम की महिला ने अपने प्रेमी आकाश के साथ मिलकर पति अनिल की हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों ने पहले अनिल को नशा देकर बेहोश किया और फिर गंग नहर में उसकी लाश फेंक दी।

जानें पूरा मामला

घटना रोहटा थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाला अनिल करीब दो हफ्ते से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो एक-एक कर ऐसे राज खुले, जिनसे हर कोई सन्न रह गया।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात काजल ने हमेशा की तरह मुस्कुराते हुए अपने पति को खाना परोसा, लेकिन इस बार उस खाने में उसने नशे की गोलियां मिला दी थीं। खाना खाने के कुछ देर बाद अनिल बेहोश होकर गिर पड़ा। इसी दौरान काजल ने अपने प्रेमी आकाश को बुलाया, जो अपने दोस्त बादल के साथ वहां पहुंच गया।

प्रेमी और पत्नी ने मिलकर रची साजिश

तीनों ने मिलकर बेहोश अनिल को बाइक पर बांधा और रात के अंधेरे में गंग नहर की ओर निकल गए। वहां पहुंचकर काजल ने अपने दुपट्टे से अनिल का गला घोंट दिया, फिर शव को नहर की गहराइयों में धकेल दिया। वारदात के बाद तीनों फरार हो गए और परिवार को अनिल की गुमशुदगी का झूठा नाटक सुनाते रहे।

पुलिस को जब काजल और आकाश के बयानों में विरोधाभास मिला, तो शक गहराने लगा। पूछताछ के दौरान दोनों ने आखिरकार अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस का खुलासा और कार्रवाई

एसपी देहात अभिजीत सिंह ने इस पूरे हत्या कांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों काजल, आकाश और बादल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस की टीम गंग नहर में अनिल के शव की तलाश कर रही है।