{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मेरठ में एकतरफा प्यार में युवती को 3 गोलियां मारने के बाद युवक ने खुद को भी गोली से उड़ाया

 

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार शाम एकतरफा प्यार का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी के जोनल पार्क के बाहर एक युवक ने कथित तौर पर युवती को तीन गोलियां मार दीं और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे युवती स्कूटी से और युवक पल्सर बाइक से पार्क पहुंचे थे। दोनों पार्क के बाहर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और युवक ने पिस्टल निकालकर युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।

गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोग जब युवक की ओर बढ़े तो उसने अपनी ही पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को पहले कैलाश अस्पताल, फिर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

दोनों कंकरखेड़ा के रहने वाले

पुलिस के मुताबिक, घायल युवती की पहचान 23 वर्षीय अनुष्का के रूप में हुई है, जो गोविंदपुरी क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी मां सरकारी शिक्षिका हैं, जबकि पिता का निधन हो चुका है।

मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई है, जो शिवलोकपुरा कॉलोनी का निवासी था। उसने वर्ष 2025 में मेरठ के एक आईटीआई संस्थान से पढ़ाई पूरी की थी।


हाल ही में जेल से छूटकर आया था युवक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदित्य कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। करीब एक महीने पहले उसे अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और लगभग 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पुलिस के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद वह लगातार अनुष्का से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। युवती के बातचीत से इनकार करने पर उसने मिलने का दबाव बनाया। इसी सिलसिले में दोनों की मुलाकात जोनल पार्क के बाहर हुई, जहां विवाद के बाद यह वारदात हुई।


पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से दो पिस्टल, एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक बरामद की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में पहले युवक और युवती के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। इसके बाद युवक ने गोली चलाई। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।