छात्रा की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, जांच में चौंकाने वाले खुलासे, आरोपी बोला—‘जो होना था हो गया, पछतावा नहीं’
मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय एमबीए छात्रा की हत्या के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। 13 फरवरी को अंकल गली स्थित एक फ्लैट से युवती का नग्न अवस्था में शव बरामद किया गया था। फ्लैट से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लिया। युवती की गर्दन पर रस्सी के निशान मिले थे।
11 फरवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
मृतका के माता-पिता ने 11 फरवरी को पंढरीनाथ थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता के अनुसार, 10 फरवरी को उन्होंने बेटी को कलेक्टर ऑफिस के सामने छोड़ा था, जिसके बाद वह लापता हो गई थी।
बॉयफ्रेंड के फ्लैट से मिला शव, मुंबई से गिरफ्तारी
जांच में सामने आया कि जिस फ्लैट से शव मिला, वह युवती के सहपाठी और बॉयफ्रेंड पियूष धामनोतिया ने किराए पर लिया था। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। मामले में कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि दोनों करीब एक साल से रिलेशनशिप में थे और शादी को लेकर विवाद चल रहा था।
शादी को लेकर विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों फ्लैट पर मिले थे। पहले शारीरिक संबंध बने, लेकिन बाद में शादी को लेकर बहस शुरू हो गई। आरोपी को शक था कि युवती किसी और से बात करती है और वह शादी का दबाव बना रही थी। गुस्से में उसने कथित तौर पर रस्सी से उसका गला घोंट दिया।
आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने युवती के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में प्लास्टिक ठूंस दिया। पुलिस के अनुसार, उसने शव के साथ अमानवीय हरकत भी की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
‘मुझे कोई पछतावा नहीं’
पुलिस कस्टडी में आरोपी ने कहा, “जो होना था हो गया, मुझे कोई पछतावा नहीं।” मीडिया के सवालों पर उसने कहा, “सब कुछ भूल जाओ… जानकर क्या करोगे?”
पीड़िता के फोन से वीडियो भेजे
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने युवती का मोबाइल लेकर उसके परिचितों के ग्रुप में वीडियो भेजे, ताकि उसका चरित्र खराब किया जा सके और शक की दिशा भटकाई जा सके। इसके बाद वह इंदौर से भागकर पनवेल और फिर मुंबई में लोकल ट्रेनों में घूमता रहा।
यूट्यूब पर ‘आत्माओं को बुलाने’ की खोज
पुलिस के मुताबिक, पनवेल में रहते हुए आरोपी ने इंटरनेट और YouTube पर आत्माओं से बात करने के तरीके सर्च किए। अधिकारियों का कहना है कि वह कथित तौर पर युवती की आत्मा को “वापस बुलाने” की कोशिश कर रहा था, जो उसके असामान्य मानसिक हालात की ओर इशारा करता है।
परिवार के आरोप
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी तनाव में थी। उन्होंने दावा किया कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो शेयर कर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था और आरोपी उस पर अपनी कॉलेज फीस भरने का दबाव डालता था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।