{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आगरा : पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, ऊपर लगवा दी टाइल्स, 45 दिन बाद ऐसे खुला राज

 

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव के ऊपर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया और फिर बाथरूम में नई टाइल्स लगवा दीं। करीब 45 दिनों तक वह सभी को यही बताती रही कि उसका पति लापता है।

पुलिस की पूछताछ में खुला पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी रूबी ने 26 मई को पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

शुक्रवार को पुलिस एक अन्य मामले में पूछताछ के लिए रूबी के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि हत्या के बाद उसने शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर टाइल्स लगवा दी थीं।

बाथरूम का फर्श तोड़कर मिला कंकाल

महिला के बयान के बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान वहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

भाई ने जताया हत्या का शक

मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था। रूबी सभी को यही कहती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं और कुछ दिनों में लौट आएंगे।

अनिल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह जब उन्होंने रूबी से दोबारा सुरेंद्र के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

पुलिस का कहना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बरामद कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।