रात में खाने और घर के काम पर हुआ झगड़ा... फिर पत्नी ने चाकू मारकर पूर्व फौजी पति की कर दी हत्या
अहमदाबाद के नरोदा स्मार्ट सिटी इलाके में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने पूर्व सैनिक पति दिलीप खराड़ी पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी निर्मला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गुजरात के अहमदाबाद में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पूर्व सैनिक पति पर रसोई के चाकू से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से पति की मौत हो गई। घटना 6 नवंबर की रात नरोदा स्मार्ट सिटी इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच खाने और घर की जिम्मेदारियों को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खाने और घरेलू जिम्मेदारियों को लेकर हुआ विवाद
मृतक की पहचान दिलीप खराड़ी के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में सेवा दे चुके थे और नौकरी छोड़ने के बाद ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे। वह अपनी पत्नी निर्मला और दो बच्चों के साथ रहते थे।
पुलिस के अनुसार, दंपती के बीच लंबे समय से पारिवारिक मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। 6 नवंबर की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया गया है कि इस बार विवाद खाने और घर की जिम्मेदारियों को लेकर शुरू हुआ था। इसी दौरान निर्मला ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से दिलीप के सीने के बाईं ओर वार कर दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
चाकू दिलीप के दिल के ऊपर वाले हिस्से में लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। हमले के बाद निर्मला खुद उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीएन यादव के मुताबिक, यह घटना 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे से आधी रात के बीच हुई थी। दिलीप के पिता ने बेटे की मौत के संबंध में नरोदा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई।
पत्नी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने हत्या के आरोप में निर्मला को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक, दंपती के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।