{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के मिर्जामुराद में DJ पर डांस के दौरान हुई कहासुनी, युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

 

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार देर रात खगरामपुर गांव के पास स्थित एक जनवासा में हुए इस घटनाक्रम में एक युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, लेडूई (लालपुर) गांव निवासी 24 वर्षीय रोहित राजभर एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। जनवासा में डीजे पर नाचने के दौरान उसकी गांव के ही अंशु विश्वकर्मा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर अंशु विश्वकर्मा ने अपने पास रखा चाकू निकालकर रोहित के सीने पर हमला कर दिया। चाकू लगते ही रोहित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को संभाला और आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

घायल रोहित को एंबुलेंस से जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए पुलिस को पीछे हटना पड़ा। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पूरे मामले की जांच जारी है।