{"vars":{"id": "130921:5012"}}

देवर के दोस्त संग संबंध खत्म करने की कसम बनी मौत की वजह, नाराज प्रेमी ने की महिला की गला रेतकर हत्या
 

 

गोरखपुर I गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर बाजार में एक विवाहिता की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका खुशबू गौतम की हत्या उसके कथित प्रेमी सीताराम ने चाकू से गला रेतकर कर दी। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि उसकी तलाश में छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि खुशबू और आरोपी सीताराम के बीच नजदीकी संबंध थे। वारदात से ठीक पहले खुशबू ने गंगाजल लेकर सीताराम से संबंध खत्म करने की कसम खाई थी, जिससे आरोपी नाराज हो गया। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने बुधवार शाम घर की छत पर पहुंचकर खुशबू पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी, खुशबू के देवर जितेंद्र के साथ छत पर गया था। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, खुशबू की शादी वर्ष 2022 में गजपुर निवासी उपेंद्र से हुई थी। शादी के बाद सब सामान्य था, लेकिन बाद में उपेंद्र के छोटे भाई जितेंद्र का दोस्त सीताराम घर आने-जाने लगा और इसी दौरान खुशबू से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। एक बार दोनों को साथ देख लेने पर परिवार में विवाद बढ़ गया और मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां दोनों को अलग रहने की हिदायत दी गई थी।

इसके बावजूद सीताराम लगातार खुशबू पर संपर्क बनाए रखने का दबाव डालता रहा। पांच मार्च को पति के दुबई जाने के बाद घर का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। घटना वाले दिन देवर जितेंद्र ने दोनों को आमने-सामने बैठाकर रिश्ता खत्म करने को कहा और खुशबू से गंगाजल की कसम दिलवाई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

अंतिम संस्कार के दौरान हुआ हंगामा

पोस्टमार्टम के बाद जब खुशबू का शव गुरुवार शाम ससुराल लाया गया तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। मायके पक्ष के लोग शव के साथ प्रदर्शन करने पर अड़ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के समझाने के बावजूद झड़प की स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक स्थानीय नेता को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग वहां से हट गए।

शाम करीब 7 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच खुशबू का अंतिम संस्कार गजपुर स्थित राप्ती नदी के तट पर किया गया, जहां उसके देवर ने मुखाग्नि दी। मौके पर कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।