बेनिया हत्याकांड का खुलासा: तंत्र-मंत्र के शक में की गई थी बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा
वाराणसी के बेनिया क्षेत्र में 60 वर्षीय राजन की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि तंत्र-मंत्र (ओझाई) को लेकर विवाद के चलते हत्या की गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और बाइक बरामद की हैं।
वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र के बेनिया में 60 वर्षीय राजन की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदक खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तंत्र-मंत्र (ओझाई) को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में एसओजी और चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर के नारायणपुर निवासी राजन रविवार रात अपने परिवार के यहां बेनिया क्षेत्र में ठहरे हुए थे। वह अपनी दूसरी पत्नी के बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने वाराणसी आए थे। देर रात घर के बाहर चारपाई पर सोते समय उनके सिर में गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय पुलिस की मदद से 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेनियाबाग निवासी विशाल भारतीय उर्फ जानू (20 वर्ष), चुरामनपुर लोहता निवासी विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू (24 वर्ष), मरेठवा पोखरा निवासी सुजीत बाल्मिकी (19 वर्ष) तथा बेनियाबाग निवासी कृष्णा बाल्मिकी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तंत्र-मंत्र और ओझाई को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके। वहीं मुख्य आरोपी ने बताया कि उसे मृतक राजन पर शक था कि वो उसके परिवार पर राजन ने तंत्र मंत्र किया था जिससे उसके परिवार में 4 मौतें हुई, इसी शक में उसने इस हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल 32 बोर की देशी पिस्टल, एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और एक बजाज पल्सर आरएस-200 बरामद की है। जांच में सामने आया है कि दोनों मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आरोपियों की भूमिका और आपसी संबंधों की भी गहराई से जांच की जा रही है।