{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मोबाइल फाइनेंस के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, फोटो और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लिया 90 हजार का लोन, FIR दर्ज

 

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल फाइनेंस से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति के नाम, फोटो और दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर करीब 90 हजार रुपये का मोबाइल फाइनेंस करा लिया गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, नई बस्ती पांडेयपुर निवासी सलीम पुत्र स्वर्गीय महमूद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उनके नाम पर होम क्रेडिट कंपनी से करीब 90 हजार रुपये का मोबाइल फाइनेंस कराया गया। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने स्वयं किसी प्रकार का मोबाइल फाइनेंस नहीं कराया था और न ही किसी लोन प्रक्रिया में भाग लिया था।

शिकायत के मुताबिक, पांडेयपुर स्थित एक मोबाइल दुकान के माध्यम से सैमसंग फ्लिप-5 फोल्ड मोबाइल का फाइनेंस कराया गया था। इस मामले में दुकान संचालक राहुल जायसवाल का नाम भी सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उनके दस्तावेजों और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

सलीम को इस कथित फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई, जब उनके नाम पर चल रही ईएमआई और फाइनेंस से संबंधित सूचनाएं सामने आईं। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच कराई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस फाइनेंस से जुड़े दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि फाइनेंस प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।