{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, तालाब से मिला सिर कटा कंकाल, प्रेमी गिरफ्तार
 

 

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र स्थित बड़ैला ताल से शनिवार शाम एक युवती का कंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल की अवस्था में मिला। शव का सिर गायब होने से मामला और भी रहस्यमय बन गया। पुलिस जांच में मृतका की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी 24 वर्षीय ममता के रूप में हुई है। मामले में उसके प्रेमी मनोज यादव उर्फ मुरहा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा और ममता के बीच पिछले डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। 22 मई की रात ममता अपने घर से निकली थी और उसके बाद से लापता हो गई थी।

मृतका की मां गीता देवी ने 19 जून को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री 22 मई की रात करीब आठ बजे मनोज यादव के साथ गई थी, जिसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 22 मई को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान धक्का लगने से ममता की मौत हो गई। घबराकर उसने शव को बड़ैला ताल में झाड़ियों के बीच छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को पुलिस ने तालाब से शव बरामद कर लिया।

मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि शव का धड़ बरामद हुआ है, लेकिन सिर अब तक नहीं मिला है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप

ममता के चाचा छोटेलाल राजभर का आरोप है कि परिजनों ने 16 जून को ही मेंहनगर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे यह कहकर वापस भेज दिया गया कि वे किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसाना चाहते हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां एसपी डॉ. अनिल कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मेंहनगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।