{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दवाई लेने जा रहा हूं, कहकर फरार हुआ प्रेमी...सुबह मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

 
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव शनिवार सुबह एक खाली प्लॉट में बनी झोपड़ी में मिला। मृतका की बेटी ने महिला के प्रेमी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान नीलम सक्सेना (42) के रूप में हुई है।

प्रेमी और बेटी के साथ रहती थी महिला

परिजनों के अनुसार नीलम की शादी करीब 15 साल पहले हरदोई निवासी संजय सक्सेना से हुई थी। दोनों की चार बेटियां हैं।

करीब चार महीने पहले नीलम अपने पति से अलग हो गई थी और सबसे छोटी बेटी निधि को लेकर संजय गौतम नामक व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। दोनों ठाकुरगंज क्षेत्र के लाला बाग, रिंग रोड स्थित एक खाली प्लॉट में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे।

बेटी ने बताया- रात में मां का गला दबाया

मृतका की 8 वर्षीय बेटी निधि ने बताया कि शुक्रवार रात उसकी मां खाना खाने के बाद सो गई थी। देर रात संजय गौतम ने उसकी मां का गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई।

बच्ची के मुताबिक आरोपी ने कहा कि वह दवाई लेने जा रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह जब उसकी नींद खुली तो मां की मौत हो चुकी थी।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में हत्या के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मृतका शराब पीने की आदी थी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।