{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: केक लगाने पर शुरू हुआ विवाद, फिर चली गोलियां, भाजपा नेता के भाई-भतीजे समेत 3 की हत्या

 

बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। जिम में चल रही पार्टी के दौरान हुए विवाद में भाजपा नेता के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह वारदात खुर्जा स्थित RJS फिटनेस जिम में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी जीतू सैनी का जन्मदिन था और पार्टी में कई लोग शामिल हुए थे।

केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पार्टी के दौरान भाजपा सभासद के चचेरे भाई ने आरोपी के चेहरे पर केक लगा दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि जीतू सैनी और उसके साथियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने सेल मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19), अमरदीप सैनी (32) की मौके पर ही मौत हो गई।

भाजपा सभासद के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक मनीष सैनी, वार्ड नंबर 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे। आकाश उनके भतीजे और अमरदीप चाचा के बेटे थे।

परिवार के मुताबिक, घटना की सूचना दोस्त रूपेश ने फोन पर दी। मौके पर पहुंचने तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

आरोपी CCTV DVR लेकर फरार

परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी जिम में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

6 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य से पूछताछ जारी है।

वहीं कलानिधि नैथानी ने कहा कि शुरुआती जांच में पार्टी के दौरान झगड़े के बाद हत्या की बात सामने आई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

धर्मशाला विवाद को भी माना जा रहा वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सैनी धर्मशाला को लेकर पुरानी रंजिश की भी चर्चा है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

परिवारों में मातम

मनीष और अमरदीप खेती का काम करते थे। दोनों अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं आकाश अविवाहित था और पॉटरी कारोबार में ठेकेदारी करता था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।