{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पहड़िया मंडी में 5 हजार रुपये के विवाद में चली गोलियां, आरोपी हिस्ट्रीशीटर पर पहले से 10 आपराधिक मामले 

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में 5 हजार रुपये के विवाद को लेकर हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव ने युवक पर दो राउंड फायरिंग कर दी। बचाव में युवक और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। क्रिकेट बैट से पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है।

 

वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी स्थित स्टाफ कॉलोनी के पास गुरुवार देर रात पांच हजार रुपये के लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर अनीस कुमार गौतम को धमकाने के दौरान उस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि अनीस बाल-बाल बच गया। इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आरोपी को घेर लिया और भागने से पहले ही पकड़ लिया।

घटना रात करीब 1:40 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई तहरीर में अनीस कुमार गौतम ने आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर स्थित चाय की दुकान पर मौजूद था, तभी बाइक से पहुंचे अंगद यादव, अंशुमान सिंह उर्फ सानू और शैलेंद्र यादव ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर अंगद यादव ने असलहा निकालकर उस पर दो राउंड गोलियां चला दीं।

जान बचाने के लिए उठाया क्रिकेट बैट

फायरिंग होते ही अनीस ने अपनी सुरक्षा के लिए पास में रखा क्रिकेट बैट उठा लिया और आरोपी पर जवाबी हमला कर दिया। हमले के दौरान अंगद यादव के हाथ से असलहा छिटककर जमीन पर गिर गया। इसी बीच स्थानीय निवासी सागर कश्यप समेत अन्य लोगों ने आरोपी को घेर लिया और भागने का प्रयास विफल कर दिया। हालांकि अंगद के दोनों साथी अंशुमान सिंह उर्फ सानू और शैलेंद्र यादव मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

वायरल वीडियो में दिखी पिटाई

घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी अंगद यादव को पकड़कर पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि करीब 55 सेकेंड के भीतर क्रिकेट बैट से उस पर 29 वार किए गए। इस दौरान तीन बार ईंट से भी हमला किया गया। वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि "छोड़ दो, नहीं तो मर जाएगा।"

10 मुकदमों वाला निकला हिस्ट्रीशीटर

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अंगद यादव एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ गाजीपुर जिले के खानपुर, करंडा समेत विभिन्न थानों में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि अंशुमान सिंह उर्फ सानू का सागर कश्यप से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोस्तों के उकसावे पर अंगद यादव मौके पर पहुंचा और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

असलहा बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी अंगद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से असलहा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं मामले की जांच के साथ वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।