TGT परीक्षा में साल्वर बैठाने वाला अभ्यर्थी अरेस्ट, 4 लाख में की थी डील, वाराणसी पुलिस ने बलिया से दबोचा
वाराणसी में टीजीटी परीक्षा में दूसरे व्यक्ति से परीक्षा दिलाने के मामले में चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे मूल अभ्यर्थी अमन कुमार को पुलिस ने बलिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार शाम न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
4 जून को पकड़ा गया था साल्वर
चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि 4 जून 2026 को राजकीय क्वींस कॉलेज में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान कॉलेज के प्राचार्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बिहार के सोनबरसा निवासी अमृतराज आनंद को गिरफ्तार किया गया था, जो बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था।
अमृतराज आनंद की निशानदेही पर पुलिस ने 11 जून को साल्वर गैंग के एक अन्य सदस्य छोटू कुमार को भी गिरफ्तार किया था। इसके बाद से पुलिस मूल अभ्यर्थी अमन कुमार की तलाश में जुटी हुई थी।
4 लाख रुपये में हुआ था सौदा
पुलिस जांच में सामने आया कि अमन कुमार ने टीजीटी परीक्षा पास करने के लिए साल्वर गैंग से संपर्क किया था। इसके लिए चार लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों अमृतराज आनंद और छोटू कुमार ने पूछताछ में बताया था कि उन्हें इस काम के बदले दो-दो लाख रुपये मिले थे।
घर पहुंचते ही दबोचा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि फरार चल रहा अमन कुमार अपने गांव एकसार पिपरौली, थाना उभांव (बलिया) आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूली गलती
पूछताछ के दौरान अमन कुमार ने स्वीकार किया कि उसने परीक्षा पास करने के लिए साल्वर गैंग की मदद ली थी और इसके लिए चार लाख रुपये देने का सौदा किया था। उसने अपने कृत्य को जीवन की सबसे बड़ी गलती बताते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।