{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Chandauli : सब्जी खरीदने गई युवती को प्रेमी ने मारी गोली, फिर खुद को भी गोली से उड़ाया

 

Chandauli News : चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मां के साथ सब्जी खरीदने गई एक मुस्लिम युवती को एक युवक ने गोली मार दी। गोली उसकी कमर में लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

युवक ने भी खुद को भी मार ली गोली

इधर, गोली मारकर भागे आरोपी युवक ने भी खुद को गोली मार ली। वह रामनगर थाना क्षेत्र के कटारिया में अपनी बुआ के घर पहुंचा था, जहां इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे भी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मुगलसराय नई बस्ती की रहने वाली युवती बबली को उसके प्रेमी संजय सोनकर ने गोली मारी। इसके बाद वह रामनगर पहुंचकर खुद पर भी गोली चला बैठा।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एडीसीपी टी. सरवनन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।