चिप्स–चॉकलेट और 8 साल के मासूम का शव...लाल संदूक में था बंद, खोलते ही पुलिस भी रह गई दंग
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे के पास एक लाल रंग के बंद संदूक से 8 से 10 साल के मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। संदूक में बच्चे की लाश के साथ चिप्स, कुरकुरे और चॉकलेट भी पाए गए, जिससे तांत्रिक क्रिया की आशंका और गहरा गई है।
पुलिया के नीचे मिला संदूक
घटना हाईवे से करीब 200 मीटर दूर नक्तिया नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिया के नीचे की है। जब लोगों ने संदूक देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने संदूक खोला तो भीतर मासूम का शव मिला, जिसकी आंख और कई दांत टूटे हुए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई और संभवतः तांत्रिक अनुष्ठान के तहत यह कृत्य अंजाम दिया गया।
तांत्रिक क्रिया की आशंका क्यों?
संदूक में शव के साथ चिप्स, कुरकुरे और चॉकलेट रखना, शव को नदी के किनारे लाकर फेंकने की तैयारी। बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान और आंख–दांत का टूटना। ये सभी संकेत किसी अंधविश्वासी तांत्रिक प्रक्रिया की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चार पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया
एसएसपी बरेली ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार पुलिस टीमों को जांच में लगाया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
आज होगा पोस्टमार्टम
मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संवेदनशील मामले में तीन डॉक्टरों का विशेष पैनल पोस्टमार्टम करेगा, जिससे मौत के कारण और चोटों की प्रकृति स्पष्ट हो सके। मासूम की दर्दनाक मौत और संदूक से शव मिलने के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है—हत्या, तांत्रिक क्रिया, अपहरण या किसी अन्य आपराधिक षड्यंत्र की संभावना को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में तेजी है और जल्द ही सच सामने आ जाएगा।