{"vars":{"id": "130921:5012"}}

साइबर ठगों ने मोबाइल फोन हैक करने का निकाला नया तरीका, +21 या 21 जोड़कर कर रहे फ्रॉड की कोशिश
 

 

वाराणसी। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच अब ठगों ने लोगों को निशाना बनाने का एक नया तरीका अपनाया है। साइबर अपराधी मोबाइल नंबर के आगे 21 या +21 जोड़कर कॉल करने या लोगों को कुछ विशेष कोड डायल करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साइबर सेल ने लोगों को इस तरह के फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की है।

साइबर ठगों का मकसद मोबाइल में मौजूद कॉल फॉरवर्डिंग सुविधा का दुरुपयोग करना होता है। इसके जरिए वे कॉल, मैसेज और यहां तक कि ओटीपी तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं। यदि किसी उपभोक्ता के मोबाइल फोन में कॉल फॉरवर्डिंग या अन्य महत्वपूर्ण सेटिंग बिना जानकारी के बदल जाती है तो बैंक से आने वाले ओटीपी, सत्यापन कॉल और जरूरी संदेश किसी दूसरे नंबर पर पहुंच सकते हैं।

इसके बाद साइबर अपराधी नेट बैंकिंग, यूपीआई और ऑनलाइन शॉपिंग खातों तक पहुंच बनाकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।

साइबर सेल प्रभारी मनोज तिवारी ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई कोड डायल न करें और न ही फोन की सेटिंग में बदलाव करें। यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक, टेलीकॉम कंपनी या सरकारी अधिकारी बताकर ऐसा करने के लिए कहता है तो पहले उसकी पहचान और जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल या गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर पुलिस को दें और अपने मोबाइल फोन की कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग भी समय-समय पर जांचते रहें।