{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बांग्लादेश से बंगाल, फिर दिल्ली... डीडीयू जंक्शन पर 7 करोड़ के विदेशी सोने की तस्करी का खुलासा

वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर डीआरआई ने 7.11 करोड़ रुपये कीमत का लगभग 5 किलो विदेशी सोना बरामद किया। महिला तस्कर मधु वर्मा को 42 गोल्ड बिस्किट और 20 टुकड़ों के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी अब पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने विदेशी सोने की बड़ी तस्करी का खुलासा किया है। डीआरआई की टीम ने ब्रह्मपुत्र मेल से यात्रा कर रही एक महिला को करीब 4.983 किलोग्राम विदेशी सोने के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.11 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सोना बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल लाया गया था और वहां से दिल्ली पहुंचाया जा रहा था।

कमर में बांध रखा था 42 गोल्ड बिस्किट

डीआरआई के अनुसार, लखनऊ मुख्यालय से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर वाराणसी इकाई ने गुरुवार शाम प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर कार्रवाई की। ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच से पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी मधु वर्मा (44) को हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान महिला की कमर से बंधे लाल रंग के बैग में अखबार में लपेटकर छिपाए गए 42 विदेशी सोने के बिस्किट और 20 छोटे टुकड़े बरामद हुए। सभी सोने की शुद्धता 99.5 प्रतिशत पाई गई। कुल वजन 4,983.360 ग्राम और अनुमानित कीमत 7 करोड़ 11 लाख रुपये बताई गई है।

बांग्लादेश से बंगाल, फिर दिल्ली तक का था नेटवर्क

पूछताछ में महिला ने बताया कि सोना पहले बांग्लादेश से तस्करी कर पश्चिम बंगाल के कूच बिहार पहुंचाया गया था। वहां से उसे यह खेप दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे।

डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में महिला ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों की भी जानकारी दी है। अब जांच एजेंसी पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जनरल टिकट लेकर बदलती रही कोच

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला ने जनरल टिकट लिया था। सफर के दौरान वह लगातार जनरल, स्लीपर और एसी कोच के बीच कोच बदलती रही, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सके। हालांकि डीआरआई की टीम ने उसे एसी कोच से ही दबोच लिया। महिला के पास से आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 19,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजी गई

शुक्रवार को डीआरआई ने आरोपी महिला को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच तेज

डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोने की खेप का असली सरगना कौन है, इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। डीडीयू जंक्शन पर विदेशी सोने की इतनी बड़ी बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों ने पूर्वांचल के रेल मार्गों पर निगरानी और सख्त कर दी है।