गाली देने पर बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, घर के पीछे 5 फीट गड्ढा खोदकर दफनाया शव
झांसी। उत्तर प्रदेश के Jhansi के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित बिहारीपुरा मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां छोटे भाई ने गाली-गलौज के विवाद में अपने MBA पास बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए सुनियोजित तरीके से शव को घर के पीछे 5 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया और खून के निशान तक साफ कर दिए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरकारी कर्मचारी है, जिसे अपने पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। पूछताछ में उसने बताया कि घटना 9 फरवरी की सुबह हुई। उस समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे। मां मायके गई हुई थीं।
ऐसे हुआ विवाद
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सुबह बड़े भाई को जगाने गया था। दरवाजा खटखटाने पर भाई ने गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने चाकू उठा लिया और हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। जब वह जमीन पर गिर पड़ा तो आरोपी ने चाकू से उसका गला काट दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने की पूरी तैयारी
हत्या के बाद आरोपी ने शव को न्यूड कर घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया। खून से सने कपड़े वॉशिंग मशीन में धो दिए। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चाकू और फावड़ा करीब 3 किलोमीटर दूर नाले में फेंक दिए। मृतक का मोबाइल जंगल में ले जाकर जला दिया। बाद में शक से बचने के लिए कपड़े भी जला दिए।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज
जब मां को बड़े बेटे से संपर्क नहीं हो पाया तो वह मायके से घर पहुंचीं। छोटे बेटे ने उन्हें बताया कि भाई कहीं चला गया है। 15 फरवरी को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लेकिन आरोपी की गतिविधियों पर परिजनों को शक हुआ। मामा की सूचना पर पुलिस ने 19 फरवरी को आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस आरोपी को घर लेकर पहुंची। पहले वह गुमराह करता रहा, लेकिन देर रात वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उसने दफनाए गए शव की जगह बता दी। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया।
मृतक तारिक बेग (40) MBA कर चुका था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसने अनुकंपा पर मिली चपरासी की नौकरी लेने से मना कर दिया था। बाद में यह नौकरी छोटे भाई को मिल गई। पिता की 2022 में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। मां झांसी न्यायालय से रिटायर्ड हैं और अक्सर मायके में रहती हैं। आरोपी ने दिसंबर 2025 में लव मैरिज की थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पत्नी और साले की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।