{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पहले दिया नशीला पदार्थ, फिर घोंटा गला...प्रेमी संग रहने की चाह में पत्नी ने ली पति की जान, ऐसे खुला राज

 

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। आरोप है कि एक विवाहित महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की चाह में अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय उमाशंकर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उमाशंकर अपनी पत्नी ममता और दो बच्चों के साथ महिला के मायके में बने मकान में रह रहा था।

पहले नशा दिया, फिर गला घोंटकर हत्या...

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने रात में कथित तौर पर अपने पति को नशीला पदार्थ दिया। जब वह गहरी नींद में सो गया, तब उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

बच्चों के रोने से हुआ खुलासा

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बच्चों ने अपने पिता को अचेत अवस्था में देखा और रोने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया।

पूछताछ में सामने आई वजह

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए दावा किया कि उसका पति उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2024 में गुजरात में रहने के दौरान महिला का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध हो गया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।