{"vars":{"id": "130921:5012"}}

56 लाख की ठगी, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल… वाराणसी में महिला की मौत के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी के फुलवरिया में निवेश के नाम पर 56 लाख की ठगी और ब्लैकमेलिंग से महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मुख्य आरोपी सूरज कुमार गिरफ्तार हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।

 

वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया इलाके में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और ब्लैकमेलिंग से महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी सूरज कुमार (32) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को फुलवरिया स्थित डीएम कंपाउंड के पास से पकड़ा गया। सूरज कुमार बिहार के बेतिया जिले का रहने वाला है।

9 अप्रैल को गृहिणी ने की थी आत्महत्या

मामले की जांच के दौरान सामने आया कि गृहिणी नूतन यादव ने 9 अप्रैल 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।

फोरेक्स, क्रिप्टो और रियल एस्टेट में निवेश का झांसा

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नूतन यादव को फोरेक्स ट्रेडिंग, क्रिप्टो करेंसी और रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर फंसाया। इस दौरान उनसे कुल 56 लाख रुपये ठग लिए गए।

जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने दबाव बनाने के लिए आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

11 लाख की और मांग, बढ़ता गया मानसिक दबाव

आरोपियों ने वीडियो के जरिए नूतन यादव से अतिरिक्त 11 लाख रुपये की मांग की और लगातार मानसिक उत्पीड़न करते रहे। इसी दबाव के चलते पीड़िता ने अंततः आत्मघाती कदम उठा लिया।

पहले एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पीड़िता की बहन नीलम यादव की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इससे पहले पुलिस एक अन्य आरोपी विष्णु जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पूरे गिरोह की तलाश में पुलिस

थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।