प्रेमिका ने परिजनों संग रची हत्या की साजिश, 19 दिन बाद तेजाब से जले शव की हुई शिनाख्त
बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के चिलकहर–नत्थोपुर लोहटा मार्ग पर मिले अज्ञात युवक के शव की 19 दिन बाद शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान पंकज गुप्ता (30) निवासी लाहीडीह, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रेम संबंध और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को लेकर दबाव बनाए जाने से नाराज होकर प्रेमिका व उसके परिजनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और शव के चेहरे पर तेजाब डालकर खेत में फेंक दिया।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि स्वाट/सर्विलांस टीम और रसड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने विजय पाल सिंह, उसकी पत्नी अंजनी सिंह और साले मनीष सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, तेजाब की दो खाली बोतलें और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। प्रेमिका रेखा सिंह और उसका पति अरुण सोनी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मध्यप्रदेश भाग गए हैं।
आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी बना हत्या की वजह
एसपी के मुताबिक पंकज गुप्ता के पड़ोसी गांव सिकहुला (थाना सरायमीर) निवासी विजय पाल सिंह की बहन रेखा सिंह से उसके गहरे संबंध थे। पंकज के पास कुछ आपत्तिजनक फोटो व वीडियो थे, जिनके आधार पर वह रेखा पर कथित रूप से दबाव बनाता था। इससे परेशान होकर रेखा ने यह बात अपने पति अरुण सोनी और भाभी अंजनी सिंह को बताई।
इसी बीच 5 फरवरी को चिलकहर (थाना गड़वार) में अंजनी सिंह के मायके में उसकी छोटी बहन की शादी थी। शादी में विजय पाल सिंह, अंजनी सिंह, रेखा सिंह और अरुण सोनी शामिल हुए। वहीं मनीष सिंह के साथ मिलकर पंकज की हत्या की साजिश बनाई गई।
मिलने के बहाने बुलाकर की हत्या
योजना के तहत 7 फरवरी को रेखा सिंह ने पंकज गुप्ता को मिलने के बहाने रसड़ा बुलाया। आरोप है कि पांचों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाल दिया। युवक के बैग और कुछ कपड़ों को वहीं जला दिया गया तथा मोबाइल को कुछ दूरी पर फेंक दिया गया। अज्ञात शव मिलने के बाद निर्धारित समयावधि में शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
सर्विलांस से मिली आखिरी लोकेशन, खुला राज
24 फरवरी को पंकज की बहन की शादी थी। उससे पहले पंकज के लापता होने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने फूलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सर्विलांस के जरिए पंकज की अंतिम लोकेशन रसड़ा स्टेशन के पास मिली। आजमगढ़ पुलिस ने रसड़ा पुलिस से संपर्क किया, जहां अज्ञात शव की जानकारी मिली। फोटो और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शिनाख्त की।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विजय पाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।