{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रेमिका बोली- शादी करो, प्रेमी ने उतार दिया मौत के घाट...नहर किनारे मिला12वीं की छात्रा का शव

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन अंतर्गत सरायइनायत थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग छात्र ने अपनी 17 वर्षीय प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि लड़की आरोपी पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे नाराज होकर छात्र ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। हत्या के बाद उसने शव को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, सरायइनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव की रहने वाली छात्रा 20 अप्रैल से लापता थी। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक नाबालिग लड़का उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस को एक नाबालिग छात्र पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरा सच उगल दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मऊआइमा स्थित नहर के पास झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद कर लिया।

गंगानगर जोन के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी और मृतका के बीच पहले से जान-पहचान थी। दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। 20 अप्रैल को आरोपी ने छात्रा को फोन कर घर से बुलाया और बाइक से नहर की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि लड़की लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक छात्रा 10वीं कक्षा की छात्रा थी, जबकि आरोपी 12वीं में पढ़ता है। मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ा दी गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतका की बुआ ने आरोप लगाया कि लड़के ने उनकी भतीजी को झूठे बहाने में फंसाया था। उसने कहा था कि उसके मामा का घर पास में है, लेकिन जब परिवार वालों ने पूछताछ की तो मामा ने किसी भी जानकारी से इनकार कर दिया।

वहीं, मृतका की छोटी बहन ने बताया कि उसकी बहन 20 अप्रैल को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार का आरोप है कि जिस लड़के से वह फोन पर बात करती थी, उसी ने उसकी हत्या की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।