हमीरपुर: दरोगा ने प्रेमिका की रॉड से पीट-पीटकर की हत्या, निर्वस्त्र शव सड़क किनारे फेंका
हमीरपुर में महोबा के दरोगा अंकित यादव ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका किरन सिंह की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। झगड़े के बाद उसने शव को निर्वस्त्र कर सड़क किनारे फेंक दिया। कॉल डिटेल्स से राज खुला और पुलिस ने आरोपी SI को गिरफ्तार कर लिया।
हमीरपुर: हमीरपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। महोबा में तैनात एक दरोगा ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को निर्वस्त्र कर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। जब स्थानीय लोगों ने शव देखा, उस वक्त कुत्ते उसे नोच रहे थे। इस घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
20 मीटर तक खून बिखरा
13 नवंबर को जिला मुख्यालय से करीब 37 किमी दूर मौदहा-राठ रोड पर रमना गांव के पास महिला का नग्न शव मिला। उसके आसपास लगभग 20 मीटर तक खून बिखरा था। पुलिस ने तुरंत तीन टीमों को जांच में लगाया। महिला की पहचान महोबा की रहने वाली किरन सिंह के रूप में हुई। कॉल डिटेल और पूछताछ में सामने आया कि किरन का कबरई में तैनात सब-इंस्पेक्टर अंकित यादव से अफेयर था।
प्रेम प्रसंग में हत्या
रविवार सुबह पुलिस ने आरोपी दरोगा को महोबा के उसके सरकारी क्वार्टर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी दीक्षा शर्मा ने बताया- 12 नवंबर को दोनों कार से घूमने निकले थे। रास्ते में किसी बात पर विवाद हुआ। उसी दौरान अंकित ने कार में पड़ी लोहे की रॉड से किरन की हत्या कर दी और शव हमीरपुर इलाके में फेंक दिया।
मामला और जटिल इसलिए हुआ क्योंकि- किरन का पति विनोद आर्मी में है। दहेज प्रताड़ना के एक केस में SI अंकित यादव ही करिन का विवेचक था। थाने आते-जाते दोनों करीब आए और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। प्रेम संबंध और केस संबंधी विवाद हत्या का कारण बताया जा रहा है।
पुलिस ने कैसे किया हत्या का पर्दाफाश
पुलिस की तीन टीमें लगातार कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और फुटेज खंगालती रहीं। आखिरकार 48 घंटे में आरोपी दरोगा गिरफ्तार कर लिया गया।