{"vars":{"id": "130921:5012"}}

हापुड़ में 50 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 24 से ज्यादा केसों में था फरार

Hapur Encounter: हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और गोकशी तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश हसीन मारा गया। हसीन संभल का हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, कार और कारतूस बरामद किए।

 

Hapur Encounter: हापुड़ में थाना कपूरपुर पुलिस ने रविवार की रात गोकशी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इनामी बदमाश हसीन को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मारे गए बदमाश की पहचान संभल जिले के थाना असमोली निवासी हसीन पुत्र इकरार के रूप में हुई है, जिस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को रविवार देर रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि कुछ गोकश प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी की तैयारी में हैं। इस पर थाना प्रभारी विनोद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई।

घायल बदमाश को सीएससी धौलाना ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मृतक बदमाश हसीन थाना असमोली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ गोकशी, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित करीब दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह हापुड़, मुजफ्फरनगर, सम्भल, अमरोहा और गौतमबुद्धनगर जिलों में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक, हसीन थाना कपूरपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 144/25 धारा 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम में वांछित था। उसकी तलाश में पुलिस लंबे समय से जुटी हुई थी।