{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चाची से था अफेयर, दूसरे युवक से बात करते देख आगबबूला हुआ भतीजा, पाइप से वार कर उतारा मौत के घाट

 

बलिया: नगरा थाना क्षेत्र में क्लिनिक संचालिका कंचन भारती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के अपनी चाची के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे। 11 अगस्त को चाची को किसी दूसरे युवक से बात करते देख वह भड़क गया और गुस्से में लोहे की पाइप से उनके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से कंचन की मौत हो गई।

क्लिनिक में मिला था खून से लथपथ शव

खारी गांव निवासी सियाराम राम की पत्नी कंचन भारती (35) करीब एक साल से नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर क्लिनिक चला रही थीं। मंगलवार शाम वह क्लिनिक पर मौजूद थीं। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटीं और फोन भी नहीं उठाया, तो उनके पति उन्हें देखने क्लिनिक पहुंचे।

क्लिनिक के अंदर कंचन का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उनके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डॉग स्क्वायड और FSL ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया। टीमों ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।न एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक, परिजनों से पूछताछ के साथ इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसके बाद कंचन के भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे युवक से बात करते देख भड़का था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके और उसकी चाची के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। परिवार के लोगों को भी इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी। करीब एक महीने पहले परिजनों ने दोनों को डांटकर समझाया था।

आरोपी के मुताबिक, 11 अगस्त को वह अपनी चाची कंचन को चाचा की बाइक से नगरा स्थित क्लिनिक पर छोड़कर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस क्लिनिक पहुंचा तो कंचन को कमरे के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करते देखा। आरोपी के वहां पहुंचते ही वह व्यक्ति वहां से चला गया।

इसके बाद ओमकारेश्वर ने चाची से उस व्यक्ति के बारे में सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने पास पड़ी लोहे की पाइप उठाकर कंचन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद बाइक से भागा, रास्ते में हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी लोहे की पाइप घटनास्थल पर ही छोड़कर बाइक से फरार हो गया। भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल एक पिकअप से टकरा गई, जिससे उसके सिर में भी चोट लग गई।

हादसे के बाद आरोपी घायल अवस्था में झाड़ी बाबा मठ पहुंचा और वहां छिप गया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।