{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नाबालिग से डरा-धमका कर महीनों तक करता रहा शारीरिक शोषण, गर्भपात की दवा भी खिलाई, तबीयत बिगड़ने पर खुला मामला

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से जुड़े मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवक और कथित तौर पर जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म कर जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाने का एक मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक कुछ दिनों पहले किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भपात से जुड़ी दवा दिए जाने की आशंका जताई। इसके बाद परिवार ने किशोरी से बातचीत की, जिसमें उसने एक युवक पर कई महीनों से दबाव बनाकर संबंध बनाने का आरोप लगाया।

परिवार का कहना है कि किशोरी करीब चार महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि युवक ने उसे दवा खिलाई और एक स्थानीय डॉक्टर से इंजेक्शन भी लगवाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दवा की एक गोली अभी भी उनके पास सुरक्षित है। 

पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी युवक उनकी बेटी को लगातार धमकाकर उसके साथ अवैध संबंध बनाता रहा। मामला तब सामने आया जब 6 मई को किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर युवक से पूछताछ करने पर उसने परिवार को धमकी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपी युवक के घर पहुंचकर पूछताछ की गई है। मामले में कथित तौर पर जुड़े डॉक्टर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी युवक के घर पुलिस गई थी और मामले में पूछताछ जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।