पिस्टल दिखाकर भरवाया पेट्रोल, रुपये मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
वाराणसी के सिंधोरा क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर पिस्टल के बल पर मुफ्त पेट्रोल भरवाने और कर्मचारियों को धमकाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
वाराणसी: सिंधोरा थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर दबंगई और असलहे के बल पर धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर युवक ने पिस्टल के दम पर मुफ्त पेट्रोल भरवाया और विरोध करने पर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
आधी रात पेट्रोल पंप पहुंचा आरोपी, कर्मचारियों में मची दहशत
जानकारी के मुताबिक, गड़खड़ा स्थित वैष्णवी फ्यूल KSK पेट्रोल पंप पर 17 मई की रात करीब 2:30 बजे आरोपी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू अपने साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि उसने कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हुए पिस्टल लहरा दी और बिना भुगतान पेट्रोल भरवाने लगा।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जब रुपये मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर कर्मचारी के माथे पर पिस्टल सटा दी और पेट्रोल पंप लूटने तक की धमकी दे डाली। घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों में भय और दहशत का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर ने मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त को दी। उन्होंने बताया कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तेजी से तूल पकड़ लिया।
वायरल वीडियो पर पुलिस का बड़ा एक्शन
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्रीमती नीतू कादयान ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर सिंधोरा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
हिस्ट्रीशीटर गोलू उपाध्याय समेत दो हिरासत में
पुलिस टीम ने 19 मई को वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे मुख्य आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय को हिरासत में ले लिया। उसके साथ शनि सिंह नामक युवक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।