{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पति अफयेर में बन रहा था रूकावट, तो पत्नी ने बॅायफ्रेंड संग मिलकर उतारा मौत के घाट

 

हापुड़। उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

शुरुआती जांच में पत्नी पर गया शक

गढ़मुक्तेश्वर सीओ स्तुति सिंह के मुताबिक, शनिवार को आदर्श नगर मोहल्ले में राजपाल नामक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को मृतक की पत्नी रजनी पर शक हुआ। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि रजनी का अपने ही मोहल्ले के युवक बंटी (पुत्र बनारसी) के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था।

जब इस रिश्ते की जानकारी राजपाल को हुई, तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। यही विरोध दोनों को नागवार गुजरा और उन्होंने राजपाल को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।

सोते समय लाठी-डंडों से किया हमला, मौके पर मौत

साजिश के तहत 17 और 18 मार्च की रात, जब राजपाल अपने घर में सो रहा था, तभी रजनी और बंटी ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली गई है।

फिलहाल, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।