मुझसे शादी नहीं की तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा...मेरठ में सिरफिरे आशिक ने युवती को मारी गोली
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एकतरफा प्यार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे युवक ने शादी से इनकार करने पर 24 वर्षीय युवती को बीच सड़क गोली मार दी। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित गणेशपुरी चौकी के पास अंजुम पैलेस के सामने हुई। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ता रोककर शादी का बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार, युवती अपनी सहेली आयशा और उसके पति सरफराज के साथ बाइक से जा रही थी। तभी आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने उनकी बाइक रोक ली और चाबी निकाल ली। इसके बाद उसने युवती से शादी करने का दबाव बनाया। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने बहस शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले गोली चलाई, लेकिन युवती झुक गई, जिससे वह बच गई। इसी दौरान सहेली ने आरोपी को धक्का दिया, जिससे वह गिर पड़ा। उठते ही उसने दूसरी बार फायरिंग की। इस बार गोली युवती के कान के पास लगी और वह सड़क पर गिर गई।
भागते समय आरोपी चिल्लाता रहा, "मुझसे शादी नहीं करोगी तो किसी और से भी नहीं करने दूंगा।"
सहेली ने बताई पूरी घटना
घायल युवती की सहेली आयशा ने बताया कि एक दिन पहले युवती का जन्मदिन था, इसलिए वह उसके घर रुकी थी। गुरुवार रात उसका पति दोनों को लेने आया था। रास्ते में आरोपी ने उन्हें रोक लिया और शादी का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने फायरिंग कर दी। भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
शादीशुदा है आरोपी, फिर भी बना रहा था दबाव
आयशा के मुताबिक, आरोपी कैफ उर्फ बल्लू पहले से शादीशुदा है और उसने अपने मामा की बेटी से विवाह किया है। इसके बावजूद वह काफी समय से युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। युवती उसकी हरकतों से परेशान थी, लेकिन बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत नहीं कर रही थी।
परिवार को रात में मिली घटना की जानकारी
युवती के भाई ने बताया कि उनकी बहन श्यामनगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। घटना की जानकारी उन्हें रात करीब एक बजे पुलिस के माध्यम से मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार का प्रतीत हो रहा है। घायल युवती का इलाज जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी कैफ उर्फ बल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।