व्हाट्सएप चैट नहीं दिखाई तो प्रेमी बना हैवान, शादीशुदा प्रेमिका की हत्या कर शव के तीन टुकड़ें कर अलग-अलग जगहों पर फेंका
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। व्हाट्सएप चैट दिखाने से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को गड़ासे से तीन हिस्सों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव का हिस्सा
रविवार सुबह मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर बाईपास के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़ी एक बड़ी काली पॉलीथिन पर गई। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पॉलीथिन खोली तो उसमें महिला के शरीर का हिस्सा मिला। आसपास तलाशी के दौरान कुछ दूरी पर दोनों हाथ भी बरामद हुए, जबकि शरीर का एक हिस्सा गायब था।
दो महीने पहले हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गुजरात के भावनगर निवासी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) के रूप में हुई है, जो जौनपुर के मड़ियाहूं में किराए के मकान में रहता था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र की रहने वाली रेशमा खातून उर्फ सना (38) से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में महिला मड़ियाहूं आकर रहने लगी। आरोपी ने उसे एक निजी कंपनी में नौकरी भी दिलाई थी।
व्हाट्सएप चैट को लेकर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला कुछ दिनों के लिए अपने घर गई थी और शनिवार शाम अपने पैसे लेने मड़ियाहूं लौटी थी। रात में दोनों ने साथ खाना खाया। इसी दौरान आरोपी ने महिला का मोबाइल लेकर व्हाट्सएप चैट देखने की बात कही। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पहले चाकू से महिला की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने की नीयत से बाजार से गड़ासा और पॉलीथिन खरीदकर लाया। उसने शव के तीन हिस्से किए और रात के अंधेरे में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
शव के बाकी हिस्से ठिकाने लगाने जा रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलने पर आरोपी शेष अंगों को भी ठिकाने लगाने निकला था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और शव का हिस्सा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, गड़ासा, अवैध पिस्टल, कारतूस, महिला के शरीर का बचा हुआ हिस्सा, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
तीन बच्चों की मां थी महिला
पुलिस के अनुसार, मृतका शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसके पति को बुलाकर शव की पहचान कराई गई, जिसके बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
मड़ियाहूं के क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में व्हाट्सएप चैट को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर हमला करने और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।