{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Refund के नाम पर Amazon को लगा दिया 30 करोड़ का चूना, तरीका सुनकर रह जाएंगे दंग

अमेजन को एक संगठित रिफंड स्कैम में करीब 30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। टेलीग्राम के RBK ग्रुप के जरिए महंगे प्रोडक्ट खरीदकर बिना लौटाए पैसे वापस लिए गए। फर्जी रिपोर्ट और सोशल इंजीनियरिंग से इस फ्रॉड को अंजाम दिया गया। कंपनी ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

 

Amazon Refund Scam: ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन को एक बड़े और सुनियोजित रिफंड फ्रॉड में लगभग 4 मिलियन डॉलर (करीब 30 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। यह कोई सामान्य धोखाधड़ी नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क द्वारा चलाया जा रहा स्कैम था, जिसमें महंगे प्रोडक्ट्स खरीदकर बिना लौटाए ही पैसे वापस ले लिए जाते थे।

टेलीग्राम के जरिए चलता था ‘रिफंड रैकेट’

जांच में सामने आया कि “RBK” नाम का एक ग्रुप टेलीग्राम ऐप के जरिए लोगों को “रिफंड सर्विस” देता था। इस नेटवर्क के जरिए यूजर्स को ऐसा तरीका बताया जाता था जिससे वे अमेजन से प्रोडक्ट खरीदकर उसे अपने पास रखते हुए भी पूरा पैसा वापस पा सकते थे। इसके लिए यूजर अपना अमेजन अकाउंट एक्सेस इस ग्रुप को देता था, जिसके बाद यह ग्रुप कंपनी के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर फर्जी शिकायत दर्ज कराता था।

फर्जी रिपोर्ट और सोशल इंजीनियरिंग से दिया जाता था झांसा

इस स्कैम का सबसे खतरनाक हिस्सा था इसका तरीका। आरोपी सिर्फ शिकायत दर्ज नहीं करते थे, बल्कि फर्जी पुलिस रिपोर्ट तक तैयार कर देते थे, ताकि मामला असली लगे। पूरा फ्रॉड “सोशल इंजीनियरिंग” तकनीक पर आधारित था, जिसमें सिस्टम और लोगों को भ्रमित करके गलत तरीके से फायदा उठाया जाता है। इसके बदले RBK ग्रुप ऑर्डर वैल्यू का 15% से 30% तक कमीशन लेता था।

अमेजन ने अंडरकवर ऑपरेशन कर पकड़ा खेल

जब अमेजन को इस स्कैम की भनक लगी, तो कंपनी ने खुद जांच शुरू की। एक अंडरकवर ऑपरेशन में अमेजन के इन्वेस्टिगेटर ने ग्राहक बनकर RBK से संपर्क किया। उन्होंने एक प्रोडक्ट खरीदा और फिर RBK को बिटकॉइन में भुगतान किया। इसके बाद ग्रुप ने वही फ्रॉड प्रोसेस अपनाया, जिससे यह साबित हो गया कि पूरा नेटवर्क धोखाधड़ी में शामिल है।

कजाकिस्तान कनेक्शन और आरोपी की पहचान

जांच के दौरान टेलीग्राम चैनल से मिले डिजिटल सुरागों के आधार पर एक मुख्य आरोपी की पहचान “डायस तेमिरबेकुल ज़ुमानियाज़” के रूप में हुई, जो कजाकिस्तान का निवासी बताया जा रहा है। इसके अलावा माइकल बाउशेल्ट और अदनान इस्लाम के नाम भी सामने आए हैं। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हजारों फर्जी क्लेम, करोड़ों की ठगी

जांच में यह भी सामने आया कि इस ग्रुप के टेलीग्राम चैनल पर 1000 से ज्यादा सदस्य थे और 2100 से ज्यादा फर्जी “वाउच” (टेस्टिमोनियल्स) डाले गए थे। फरवरी 2023 से अब तक इस नेटवर्क ने 4 मिलियन डॉलर से ज्यादा के रिफंड क्लेम किए, जिससे अमेजन को भारी नुकसान हुआ।

ईमानदार ग्राहकों पर पड़ेगा असर?

इस तरह के स्कैम्स का सीधा असर आम ग्राहकों पर पड़ सकता है। अगर ऐसे मामले बढ़ते हैं, तो कंपनियां अपनी रिफंड पॉलिसी सख्त कर सकती हैं। इससे ईमानदारी से खरीदारी करने वाले यूजर्स को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है, क्योंकि कंपनियां हर क्लेम को ज्यादा सख्ती से जांचेंगी।