{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कफ सिरप माफिया का इंटरनेशनल नेटवर्क: शराब ठेकों की कमाई- हवाला के जरिए दुबई जा रहा पैसा

वाराणसी के 2000 करोड़ रुपये के कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दुबई में छिपे सरगना तक शराब ठेकों की कमाई हवाला के जरिए पहुंचाई जा रही थी। बैंक स्टेटमेंट जांच के बाद पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में निजी मुचलके पर रिहा किया गया।

 

वाराणसी: 2000 करोड़ रुपये के चर्चित कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुबई में छिपा इस नेटवर्क का कथित सरगना वाराणसी की शराब दुकानों से होने वाली कमाई हवाला के जरिए विदेश मंगवा रहा था।

पुलिस के अनुसार, शुभम और उसके पिता भोला प्रसाद कई राज्यों में फैले कफ सिरप तस्करी नेटवर्क के प्रमुख संचालक बताए जा रहे हैं। जांच में पता चला कि शराब की छह दुकानों के लाइसेंस महिलाओं के नाम पर लिए गए थे, लेकिन वास्तविक नियंत्रण शुभम और उसके पिता के पास था।

शुभम की पत्नी वैशाली के बैंक स्टेटमेंट की जांच में हवाला ट्रांजैक्शन और कई महिला लाइसेंसधारियों के बीच आर्थिक लेनदेन सामने आया। इसके बाद पुलिस ने वैशाली सहित पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। हालांकि अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग खारिज करते हुए निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस को एक समझौता पत्र भी मिला है, जिसमें शराब कारोबार से होने वाली कमाई का हिस्सा शुभम और भोला प्रसाद को देने का उल्लेख है।

पुलिस के मुताबिक, शुभम गिरफ्तारी से बचने के लिए 5 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ दुबई फरार हो गया था। इसके बाद भी उसकी आर्थिक गतिविधियां प्रभावित न होने पर पुलिस ने गहराई से जांच की, जिसमें हवाला नेटवर्क का खुलासा हुआ।

एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और हवाला ट्रांजैक्शन की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।