{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दुबई में छिपे कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल पर इंटरपोल का शिकंजा, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

वाराणसी के चर्चित कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में फरार शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। दुबई में छिपे आरोपी की गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज हो गई है। वाराणसी पुलिस और CBI संयुक्त कार्रवाई में जुटी हैं।

 

वाराणसी: कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में फरार मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। दुबई में छिपे इस आरोपी की गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। वाराणसी पुलिस ने इसे मामले की बड़ी सफलता माना है।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2025 को रोहनिया थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच पूरी होने के बाद 12 फरवरी 2026 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।

दुबई भाग गया था मुख्य आरोपी

जांच के दौरान सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का प्रमुख शुभम जायसवाल वाराणसी से फरार होकर दुबई (UAE) में छिपा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस ने इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने का अनुरोध किया था।

CBI के सहयोग से मिली बड़ी सफलता

सीबीआई के समन्वय से इंटरपोल ने शुभम जायसवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। इसके बाद संबंधित विदेशी एजेंसियां आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की कार्रवाई करेंगी।

भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू

पुलिस के मुताबिक, शुभम जायसवाल को दुबई से भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर भारत लाया जाएगा और अदालत में पेश किया जाएगा।
कोडीन कफ सिरप तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही एसआईटी टीम लगातार आरोपियों के नेटवर्क, फंडिंग और हवाला कनेक्शन की जांच में जुटी है। पुलिस का दावा है कि इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।