सराफा व्यवसायी डकैती का मास्टरमाइंड शुभम गिरफ्तार, 50 हजार का था इनामी
वाराणसी: वाराणसी STF इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सराफा व्यवसायी से डकैती के मामले में वांछित 50 हजार के इनामी अपराधी शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास से दबोचा गया। एसटीएफ के अनुसार, शुभम सिंह मऊ जिले के गोहना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के अन्नूपार गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
कोपागंज डकैती केस में था वांछित, STF ने की घेराबंदी
एसटीएफ वाराणसी के डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी मऊ के कोपागंज क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में वांछित था। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूचना मिलने के बाद निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम ने लखनऊ में घेराबंदी की और चिड़ियाघर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एसआई शाहजादा खां और एसआई विनय मौर्या की अहम भूमिका रही।
सराफा व्यवसायी को असलहा दिखाकर लूटा था सोना-चांदी
पूछताछ में आरोपी शुभम सिंह ने खुलासा किया कि 13 जनवरी 2026 को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घोसी थाना क्षेत्र के पिंडवल मोड़ के पास एक सराफा व्यवसायी को निशाना बनाया था। आरोपियों ने असलहा दिखाकर व्यवसायी को आतंकित किया और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
लूट के जेवर बेचकर बांटे गए पैसे
एसटीएफ पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस डकैती में कई अन्य आरोपी शामिल थे, जिनमें विशाल, मोनू यादव, शिवम सोनकर और राहुल यादव के नाम सामने आए हैं।
लूट के बाद मोनू यादव ने सोने-चांदी के आभूषण को बेचकर रकम को आपस में बांट दिया था। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
अपराधी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, शुभम सिंह के खिलाफ मऊ जिले में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, लेकिन STF की सक्रियता के चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।