{"vars":{"id": "130921:5012"}}

छेड़छाड़-मारपीट से दुष्कर्म तक पहुँचा करपात्र धाम मामला, पुलिस ने दोबारा शुरू की जांच

वाराणसी: वाराणसी के करपात्र धाम में 14 अक्टूबर को हुई मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में अब दुष्कर्म का नया आरोप सामने आया है। पंजाब की महिला ने पुलिस को बताया कि आश्रम में उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है, जबकि आश्रम पक्ष ने आरोपों को निराधार बताया है।
 
 

वाराणसी: केदारघाट स्थित करपात्र धाम में 14 अक्टूबर को एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में अब पुलिस ने जांच दोबारा शुरू कर दी है। पीड़िता से दोबारा विस्तृत बयान लेने के बाद पुलिस अब सभी आरोपों को तथ्यों और सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।

दरअसल, पंजाब के लुधियाना की रहने वाली पीड़िता अपने पति के साथ बीते 14 अक्टूबर की रात करपात्र महराज के आश्रम में दर्शन के लिए आई थी। उसका आरोप है कि लौटते समय राहुल, राज, शुभम, शिवम और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ छेड़खानी की। जब महिला के पति ने विरोध किया, तो आरोपितों ने लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद महिला ने भेलूपुर थाने में छेड़छाड़, धमकी और मारपीट की धाराओं में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। जांच आगे बढ़ने पर पीड़िता ने पुलिस के सामने दुष्कर्म का नया आरोप लगाया, जिसके बाद मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।

आश्रम प्रशासन का पक्ष

करपात्र आश्रम के सर्वेश्वर दयाल महाराज ने दुष्कर्म के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि घटना केवल मारपीट तक सीमित थी, दुष्कर्म जैसी कोई बात नहीं हुई। उनका कहना है कि महिला का पति पहले आश्रम में कार्यरत था, लेकिन चार माह पहले उसे निकाल दिया गया था। घटना के बाद विवाद में शामिल आरोपितों को भी आश्रम से बाहर कर दिया गया है।

पुलिस जांच की स्थिति

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि पहले की जांच में मारपीट की पुष्टि हुई थी और आरोपितों का शांति भंग में चालान किया गया था। हालांकि, अब नए आरोप सामने आने के बाद विवेचना फिर शुरू की गई है। अगर कोई नया तथ्य या सबूत सामने आता है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।