ललितपुर : चलती कार में छात्रा से गैंगरेप के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में 19 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र सेन (25) को बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे इंस्पेक्टर अनुराग अवस्थी और स्वाट टीम प्रभारी अतुल तिवारी राजघाट क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, कार सवार आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र सेन घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद करने का दावा किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली गई है।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस इससे पहले आरोपी बादल राजा और कार चालक रविशंकर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता का आरोप: कार में जबरन बैठाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार शाम गांव का परिचित बादल राजा उसे जरूरी बात करने के बहाने कार में बैठाकर ले गया। आरोप है कि कार में मौजूद अन्य आरोपी सुरेंद्र सेन के साथ मिलकर उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जबकि तीसरा आरोपी कार चलाता रहा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे कई घंटों तक अलग-अलग रास्तों पर घुमाते रहे और रात करीब 11 बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उसने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की तलाश शुरू की। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की विवेचना जारी है।